श्रीकांत त्यागी ने महिला से अभद्रता, अफसरों ने थाना फेस-2 के दारोगा को किया सस्पेंड

0
161

नोएडा में एक महिला के साथ अभद्रता के मामले में लापरवाही बरतने को लेकर पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने थाना फेस-2 के थानाध्यक्ष सुजीत उपाध्याय को सोमवार को निलंबित कर दिया। उपाध्याय की जगह अब निगरानी प्रकोष्ठ के प्रभारी परमहंस तिवारी को थाना फेज-2 का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। मामले में आरोपी श्रीकांत त्यागी खुद को भारतीय जनता पार्टी के किसान मोर्चा का राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य और इसकी युवा समिति का राष्ट्रीय समन्वयक बताया है, जबकि पार्टी ने उससे दूरी बनाए रखी है।

गौरतलब है कि महिला ने सेक्टर-93बी में आवासीय सोसायटी में नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए श्रीकांत त्यागी द्वारा कुछ पेड़ लगाने पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद त्यागी ने महिला के साथ कथित तौर पर अभ्रद व्यवहार किया और उसे धक्का भी दिया था। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया था। मामला दर्ज होने के बाद से ही त्यागी फरार है। पुलिस के एक प्रवक्ता ने सोमवार सुबह कहा, प्रशासनिक आवश्यकताओं के दृष्टिगत निरीक्षक परमहंस तिवारी को थाना फेस-2 का प्रभारी बनाया गया है। इस बीच, नोएडा पुलिस ने श्रीकांत त्यागी के समर्थन में पीड़ित महिला के साथ बदसलूकी करने और उसे धमकाने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे भाजपा के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने अधिकारियों को फटकार लगाई। सांसद महेश शर्मा ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा, पुलिस की मौजूदगी में आखिरकार सोसायटी में गुंडे कैसे दाखिल हो गए। मामले में पुलिस ने लचर रवैया अपनाया हुआ है। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से की जाएगी। पीड़िता और सोसायटी के लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी नोएडा पुलिस पर है। अगर इसमें चूक होती है तो जिम्मेदारी पुलिस की होगी।

सांसद की मौजूदगी में सोसायटी के लोगों ने नोएडा पुलिस हाय-हाय के नारे लगाए। वहीं, त्यागी की गिरफ्तारी पर अपर पुलिस उपायुक्त (कानून-व्यवस्था) रणविजय सिंह ने कहा, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न जगहों पर पुलिस के दल दबिश दे रहे हैं। आरोपी की पत्नी, चालक तथा प्रबंधक से शनिवार और रविवार को कई घंटे तक पूछताछ की गई। उनसे कुछ अहम जानकारियां मिली हैं, जिसके आधार पर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी करने की मांग की है।

Previous articleगालीबाज श्रीकांत त्यागी पर पुलिस का शिकंजा, फ्लैट के बाहर बने अवैध निर्माण को योगी के बुलडोजर ने ढहाया
Next articleकैबिनेट मंत्री राकेश सचान को एक साल की सजा, 1500 रुपये का जुर्माना, कोर्ट ने दी जमानत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here