यूपी के मड़ियांव के पल्टन छावनी इलाके में किराए पर रहने वाले आयुष्मान सिंह उर्फ जोया उर्फ शुभम की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई है। उसका शव बुधवार दोपहर को कमरे में पड़ा मिला। कमरे से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एडीसीपी उत्तरी के मुताबिक हत्या करीब 48 घंटे पहले की गई है। चाकू से सिर व कलाई पर वार किया गया। परिजनों ने साथ किराए पर रहने वाले फैजान पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।
एडीसीपी उत्तरी प्राची सिंह के मुताबिक राजाजीपुरम में संजीव कुमार सिंह परिवार सहित रहते हैं। उनका बेटा आयुष्मान सिंह उर्फ शुभम उर्फ जोया किन्नराें के साथ रहकर ढोल बजाने का काम करता था। आयुष्मान मड़ियांव इलाके के पल्टन छावनी में किराए पर रहता था। उसके साथ फैजान भी रहता था। बुधवार दोपहर को पुलिस को सूचना मिली की कमरे में बदबू आ रही है। मौके पर पहुंचे मड़ियांव इंस्पेक्टर वीर सिंह ने कमरा खोलकर अंदर देखा तो आयुष्मान का शव पड़ा था। कमरे से काफी बदबू आ रही थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया था। वहीं परिजन भी मौके पर पहुंच गये। पिता संजीव कुमार सिंह ने साथ में रहने वाले फैजान पर हत्या का आरोप लगाया है। उसके खिलाफ तहरीर दी है। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।