रामलला कांग्रेस को सत्ता में नहीं आने देंगे, महाराष्ट्र में बोले योगी आदित्यनाथ

0
25

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि “रामलला” कांग्रेस को फिर से सत्ता में नहीं आने देंगे। उन्होंने विपक्षी दल पर 26 नवंबर 2008 को हुए मुंबई हमले के दौरान सुरक्षा कर्मियों की शहादत पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। मुंबई उत्तर मध्य लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार एवं अधिवक्ता उज्ज्वल निकम के समर्थन में यहां रैली को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि मौजूदा चुनाव में “राम भक्तों” और “राम द्रोहियों” के बीच किसी एक को चुना जाना है। उन्होंने कहा, “राम भक्त ‘राष्ट्र भक्त’ हैं जो भारत के लोगों की सेवा करेंगे और देश की प्रगति के लिए काम करेंगे। राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने वाला रामभक्त लोगों और देश के सम्मान के साथ-साथ सुरक्षा सुनिश्चित कर सकता है।” मुंबई उत्तर मध्य सीट पर महाराष्ट्र के 12 अन्य निर्वाचन क्षेत्रों के साथ पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होना है।

इन निर्वाचन क्षेत्रों में प्रचार अभियान शनिवार शाम शाम बजे समाप्त हो गया। कांग्रेस ने मुंबई उत्तर मध्य सीट से पार्टी की मुंबई इकाई की प्रमुख वर्षा गायकवाड़ को उम्मीदवार बनाया है। आदित्यनाथ ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर अयोध्या राम मंदिर के निर्माण से परेशान होने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राम मंदिर का निर्माण नहीं होना चाहिए था। अगर कांग्रेस को इतना ही दुख है तो वह इटली में राम मंदिर बनवा सकती है। यदि वे राम मंदिर नहीं चाहते हैं, तो वे बजरंगबली (भगवान हनुमान) का एक मंदिर बना सकते हैं।” भाजपा के वरिष्ठ नेता ने दावा किया कि कांग्रेस के कुछ नेताओं का कहना है कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आई तो वे राम मंदिर को “नष्ट” कर देंगे। उन्होंने कहा, ”रामलला आपको सत्ता में नहीं आने देंगे।

आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर 2008 के मुंबई आतंकवादी हमले के शहीदों के बलिदान पर सवाल उठाकर उनका अपमान करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हमले से संबद्ध मुकदमे के दौरान विशेष लोक अभियोजक निकम ने आतंकवादी अजमल कसाब को फांसी की सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। आदित्यनाथ ने कहा, “निकम राष्ट्र विरोधियों के खिलाफ खड़े थे। किसी ने फिर से मुंबई को निशाना बनाने की हिम्मत नहीं की। यह (प्रधानमंत्री) नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाला नया भारत है। अब, अगर दिवाली पर एक छोटा पटाखा भी फोड़ा जाता है, तो पाकिस्तान को स्पष्ट करना होगा कि इसके पीछे उसका हाथ नहीं था।” उन्होंने लोगों से मोदी के लिए वोट करने का आग्रह किया और कहा कि उनके तीसरे कार्यकाल में, कांग्रेस और उसके सहयोगियों के अंदर घुसी औरंगेजब की आत्मा मर जाएगी। इससे पहले दिन में, आदित्यनाथ ने नासिक जिले के मालेगांव और राज्य के पालघर में रैलियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, ”अयोध्या और काशी विश्वनाथ के बाद हमें मथुरा की ओर बढ़ना है।

Previous articleअयोध्या में बन गया राम मंदिर, भाजपा जो कहती है वह करती है, गोंडा में बोले मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह
Next articleआगरा में आयकर विभाग का छापा, 40 करोड़ रुपये की नकदी बरामद

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here