Uttarakhand Election Result: उत्तराखंड में भाजपा दो तिहाई बहुमत से जीती, यहां समझें हर सीट का हाल

0
276

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बहुमत हासिल कर लिया है, हालांकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपनी सीट नहीं बचा सके। भारतीय निर्वाचन आयोग की वेबसाइट की सूचना के अनुसार राज्य की 70 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 47 पर जीत हासिल की है। मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के उम्मीदवार 19 सीटों पर विजय हुए हैं, जबकि बहुजन समाज पार्टी ने दो सीटें जीती हैं। दो सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों की झोली में गई हैं।

मुख्यमंत्री धामी को खटीमा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी भुवन चन्द्र कापड़ी ने 6579 मतों के अंतर से पराजित किया। राज्य में कांग्रेस के मुख्यमंत्री चेहरे एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी लालकुआं सीट से चुनाव हार गए हैं। उन्हें भाजपा प्रत्याशी डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने 17527 वोटों से मात दी। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं कांग्रेस प्रत्याशी गोविंद कुंजवाल अल्मोडा के जागेश्वर सीट से चुनाव हार गए हैं। हल्द्वानी निवार्चन क्षेत्र में कांग्रेस के सुमित हृदयेश ने भाजपा के जोगिंदर सिंह रौतेला को 7814 मतों से पराजित किया। जसपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के आदेश चौहान ने अपने निकटतम प्रतिनिधि डॉक्टर शैलेंद्र मोहन सिंगल को 4172 से हराया।

देहरादून जनपद की रायपुर सीट से भाजपा प्रत्याशी उमेश शर्मा ने दोबारा विजय हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस के हीरा सिंह बिष्ट को 30052 मतों से शिकस्त दी। निवर्तमान विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल ने ऋषिकेश से एक बार फिर जीत हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी जयेंद्र रमोला को 19057 वोटों से हराया। राजपुर (सुरक्षित) सीट से वर्तमान भाजपा विधायक खजान दास ने एक बार फिर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के राजकुमार को 11163 मतों से हराया।

कालाढूंगी निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के बंशीधर भगत ने कांग्रेस के उम्मीदवार महेश चन्द्र को 23931 वोटों से पराजित किया। मसूरी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के गणेश जोशी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस की गोदावारी थपली को 154325 मतों से हराया। सहसपुर सीट पर भाजपा के सहदेव सिंह पुंडीर ने कांग्रेस के आर्येन्द्र शर्मा को 8355 वोटों से मात दी। भगवानपुर से कांग्रेस की ममता राकेश ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी बहुजन समाज पार्टी के सुबोध राकेश को 4811 मतों से पराजित किया। देहरादून कैंट से भाजपा की सविता कूपर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के सूर्याकांत धसमाना को 20938 मतों से हराया।

इसके अलावा सितारगंज विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के सौरभ बहुगुणा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के उम्मीदवार नवतेज पाल सिंह को 10938 मतों से शिकस्त दी। रामनगर से भाजपा के दीवान सिंह बिष्ट ने कांग्रेस के महेन्द्र सिंह पाल को 4745 वोटों से पराजित किया है। बागेश्वर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी चंदन राम दास ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के रणजीत दास को 12141 मतों से पराजित कर जीत का परचम लहराया। डोइवाला से भाजपा प्रत्याशी बृजभूषण गैरोला ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी गौरव (गिन्नी) को 29021 मतों से पराजित कर जीत का परचम लहराया। गदरपुर सीट पर भाजपा के अरविंद पांडे ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रेमानंद महाजन को 1120 मतों से पराजित किया। कपकोट में भाजपा के सुरेश गरिया ने कांग्रेस प्रत्याशी ललित फर्सवान को 1046 वोटों से हराया।

कुमाऊं के लोहाघाट सीट से कांग्रेस के कौशल सिंह अधिकारी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के पूरन सिंह फर्तयाल को 6038 मतों से पराजित किया है। प्रतापनगर निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के विक्रम सिंह नेगी ने भाजपा के विजय सिंह पंवार को 2341 मतों से हराया। वहीं पुरोला से भाजपा के दुगेश्वर लाल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के मालचंद को 6296 वोटों से पराजित किया है। अल्मोडा के सल्ट से भाजपा प्रत्याशी मेहश जीना ने कांग्रेस के उम्मीदवार रणजीत सिंह रावत को 3688 मतों के अंतर से हराया।

Previous articleup election result आने के बाद बोले जयंत चौधरी, जनमत का सम्मान करते हैं
Next articleUP Election Result: जानिए सपा गठबंधन में शामिल हुई राजभर की पार्टी सुभासपा को कितनी सीटों पर मिली जीत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here