बिकरू कांड: गैंगेस्टर विकास दुबे को सूचना लीक करने वाले दो पुलिसकर्मी बर्खास्त

0
478

उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित बिकरू गांव में करीब दो साल पहले हुए नरसंहार की पुलिस द्वारा की गई विभागीय जांच में छापेमारी से पहले ही सूचना गैंगस्टर विकास दुबे को लीक करने में दो पुलिस कर्मियों की कथित संलिप्तता पाई गई जिन्हें अब बर्खास्त कर दिया गया है। अपर पुलिस आयुक्त (अपराध और मुख्यालय), सुरेशराव ए कुलकर्णी ने बताया, चौबेपुर पुलिस स्टेशन के तत्कालीन थाना प्रभारी विनय तिवारी और उप-निरीक्षक केके शर्मा को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि दोनों को हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे को गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापे के बारे में जानकारी लीक करने का दोषी पाया गया था। कुलकर्णी ने बताया कि लीक सूचना के आधार पर दुबे ने अपने गुर्गों की मदद से बिकरू गांव में पुलिस पार्टी पर घात लगाकर हमला किया था जिसमें एक पुलिस क्षेत्राधिकारी (डिप्टी एसपी) सहित आठ पुलिस कर्मियों की मौत हो गयी थी। उन्होंने बताया कि दो जुलाई 2020 की रात इस घटना को अंजाम देने के बाद दुबे अपने गुर्गों के साथ मौके से फरार हो गया था। कुछ दिनों बाद, विनय तिवारी और केके शर्मा को गैंगस्टर के घर पर पुलिस छापे में कथित ढिलाई के लिए निलंबित कर दिया गया था।

अधिकारी ने बताया कि जांच में पाया गया कि तिवारी और शर्मा के सहयोगियों पर जब घात लगाकर हमला किया गया था, तो इस घटना में उनकी भूमिका संदिग्ध पाई गई थी। इसके अलावा दोनों पर घटनास्थल से भागने का आरोप भी लगाया गया था। प्रारंभिक जांच के दौरान पता चला कि थाना प्रभारी विनय तिवारी और एसआई केके शर्मा ने विकास दुबे को छापेमारी की जानकारी लीक की थी। इस बात की जानकारी होने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया था।

गौरतलब है कि दो-तीन जुलाई 2020 की रात कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के गांव बिकरू निवासी एवं दुर्दांत अपराधी विकास दुबे को पकड़ने उसके गांव पहुंची पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया था जिसमें एक क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष समेत आठ पुलिस कर्मी मारे गये थे। मुठभेड़ में पांच पुलिसकर्मी, एक होमगार्ड और एक आम नागरिक घायल हो गये थे। बाद में दुबे को 10 जुलाई 2020 को पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था।

Previous articleUP Budget 2022-2023: यूपी सरकार का 6.15 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश, जानें किसको होगा लाभ
Next articleयूपी में हादसा: पीलीभीत में डंपर ने तीन महिलाओं को कुचला, दो की मौत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here