भाजपा ने विकास करने के बजाय प्रदेश को विनाश की ओर धकेल दिया : अखिलेश यादव

0
132

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी सरकार में प्रदेश में हुए विकास कार्यों की आज भी देश दुनिया में सराहना हो रही है जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विकास करने के बजाय प्रदेश को विनाश की ओर धकेल दिया है। अखिलेश यादव ने शनिवार को यहां जारी बयान में भाजपा पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा, भाजपा सरकार ने समाजवादी सरकार के विकासकार्यों को बर्बाद करने के अलावा कुछ नहीं किया। भाजपा ने विकास करने के बजाय प्रदेश को विनाश की ओर धकेल दिया है।

प्रदेश की जनता एक बार फिर समाजवादी पार्टी की सरकार बनने का इंतजार कर रही है। वर्ष 2027 में समाजवादी सरकार बनने पर विकास के रुके कार्य फिर शुरू होंगे। प्रदेश में खुशहाली आएगी और नए विकास की नींव रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने लखनऊ में अन्तरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम, आधुनिक सुविधाओं से लैस पुलिस मुख्यालय की सिग्नेचर बिल्डिंग, एशिया का सबसे बड़ा पार्क जनेश्वर मिश्र पार्क, विश्वस्तरीय गोमती रिवरफ्रंट और मेट्रो रेल, विश्वस्तरीय आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का निर्माण कराया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे देश का पहला एक्सप्रेस-वे है जिस पर सेना के लड़ाकू विमान उतारने के लिए हवाई पट्टी बनायी गई। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का निर्माण रिकार्ड 23 महीनें में पूरा हुआ।

जब एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन हुआ तो देश के सबसे उन्नत किस्म के सुखोई और मेराज समेत अन्य लड़ाकू विमान उतारे गये। मालवाहक हरक्यूलिस विमान भी यहां उतरा था। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में हर कार्य विश्वस्तरीय किया गया। ये सभी कार्य प्रदेश और देश के लिए उदाहरण है। आज इन कार्यों की सराहना होती है तो सुखद अनुभूति होती है। समाजवादी पार्टी के समय लखनऊ में बने वर्ल्ड क्लास पुलिस मुख्यालय की महान क्रिकेटर कपिल देव जी ने सराहना की है। उनसे मिली सराहना ने हमारा उत्साह बढ़ाया है। अखिलेश यादव ने कहा कि बड़ी सोच से प्राप्त हुई उपलब्धि का मोल और मान वही समझ सकता है जिसने स्वयं बड़ी उपलब्धि पायी हो। समाजवादी पार्टी के काम से आज दुनिया में लखनऊ और उत्तर प्रदेश का मान बढ़ रहा है। समाजवादी पार्टी की सरकार में लखनऊ में बनाए गये विश्वस्तरीय इकॉना क्रिकेट स्टेडियम में अन्तररार्ष्ट्रीय और आईपीएल के क्रिकेट मैच हो रहे हैं।

देश और दुनिया के क्रिकेटर यहां खेल रहे हैं और स्टेडियम की सराहना करते हैं। सपा नेता ने कहा कि इसी तरह से समाजवादी सरकार में बनाए गये आईटी सिटी की कम्पनियों में पढ़े लिखे हजारों नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिल रहा है। समाजवादी सरकार ने प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने का काम किया। किसानों के लिए मंडिया बनायी। दुग्ध प्रक्योरमेंट के प्लांट लगाए गये। जिलों को जोड़ने के लिए फोरलेन सड़कें बनायी गयी लेकिन भाजपा सरकार ने सभी विकास कार्य रोक दिए।

Previous articleयूपी में भीषण हादसा: तेज रफ्तार थार ने ऑटो सवार को मारी टक्कर, चार लोगों की मौत
Next articleराफेल के ऊपर से ”नींबू-मिर्च” कब हटाएगी सरकार, कब होगी पहलगाम हमले के खिलाफ ठोस कार्रवाई: अजय राय