लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि बिहार की जनता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुकी है यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में दो विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने पूर्वी चम्पारण जिले के मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी देव गुप्ता और सीतामढ़ी जिले के रून्नीसैदपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी चन्दन कुमार के पक्ष में प्रचार किया। चुनावी जनसभा के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण से ही हवा इंडिया गठबंधन के पक्ष में चल रही है। उन्होंने कहा “पहले चरण का संदेश साफ है बिहार में अब इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है।
उन्होंने वश्विास व्यक्त किया कि बिहार की जनता युवा तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुकी है, जो नौजवानों को नौकरी देने वाले मुख्यमंत्री साबित होंगे। उन्होंने भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा ने जनता को ठगा है, धोखा दिया है और लगातार झूठ बोला है। अब बिहार की जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास ए टीम, बी टीम, सी टीम और पी टीम है, जबकि इंडिया गठबंधन के पास वीआईपी पार्टी और मुकेश साहनी जैसे साथी हैं। उन्होंने कहा कि इस बार बिहार में नई सरकार बनेगी, तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे और नया बिहार बनेगा, जहां नौजवानों को रोजगार मिलेगा। अखिलेश यादव कहा कि भाजपा की केंद्र में दस साल और बिहार में बीस साल की सरकार ने जनता को निराश किया है।
जनता इन 30 वर्षों का हिसाब मांग रही है, लेकिन भाजपा जवाब देने से भाग रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और पलायन बढ़ाया है। किसानों से लेकर नौजवानों तक, सभी को भाजपा ने धोखा दिया है। उन्होंने कहा भाजपा सरकार किसानों की आय दोगुनी करने में विफल रही है। उन्होंने खाद की बोरी में भी चोरी की, पेट्रोल-डीजल महंगा किया और जीएसटी लगाकर मोटरसाइकिलों के दाम बढ़ा दिए। सपा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार की धरती चाणक्य और सम्राट अशोक की भूमि है सौहार्द, एकता और सामाजिक न्याय का प्रतीक। लेकिन आज दिल्ली से आए लोग बिहार की जनता को राजनीति सिखाने चले हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोग देश में नफरत फैला रहे हैं और समाज को बांटने का काम कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि अब समय है नफरत फैलाने वाली ताकतों को हराने का। बिहार में सामाजिक न्याय, समानता और विकास की नई शुरुआत करनी है। उन्होंने कहा कि बिहार बदलेगा तो देश बदलेगा, और बिहार की जनता भाजपा सरकार को बदलकर नया इतिहास रचेगी।

