सोशल मीडिया पर एक युवक ने भगवान राम के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी कर दी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी युवक को सहारनपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मंडल थाना क्षेत्र से युवक ने अभद्र पोस्ट किया था। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने बताया कि पुलिस ने पीर वाली गली इलाके से 25 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। जैन ने बताया कि एक फरवरी को मंडी थाना क्षेत्र के सम्राट विक्रम कालोनी निवासी नीरज शर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि एक युवक ने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर भगवान राम के खिलाफ अशोभनीय टिप्पणी की है।
उन्होंने बताया कि शर्मा की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जैन ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि अयोध्या में राम मन्दिर बनने के बाद से कुछ लोग उससे कह रहे थे कि भारत अब हिन्दू राष्ट्र बनेगा और एक वर्ग विशेष के लोगों को बाहर निकाल दिया जायेगा जिससे आक्रोशित होकर उसने उक्त टिप्पणी की। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।