राहुल के रायबरेली से चुनाव लड़ने पर भाजपा बोली, ‘भाग राहुल भाग’

0
26

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वह केरल के वायनाड के अलावा उत्तर प्रदेश के रायबरेली से भी लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं, क्योंकि वह दक्षिणी राज्य में मुकाबला हारने जा रहे हैं। राहुल गांधी के रायबरेली से चुनाव लड़ने के बारे में पूछे जाने पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘भाग राहुल भाग, राहुल भाग, राहुल भाग, राहुल भाग, अब यही चलेगा।’ यह पूछे जाने पर कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष से कहा है कि वह डरकर न भागें, गौतम ने कहा, ‘वह (गांधी) बच्चे हैं। उन्हें प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।’ उन्होंने कहा, ‘हालांकि, लोगों ने उन्हें नकार दिया है।’

भाजपा नेता ने गांधी पर रायबरेली से भी चुनाव लड़ने का फैसला कर वायनाड के लोगों के साथ ‘विश्वासघात’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया, ‘वह अमेठी के बजाय रायबरेली (चुनाव लड़ने) आए हैं, क्योंकि वह वायनाड सीट पर हार रहे हैं।’ राहुल गांधी ने शुक्रवार को रायबरेली से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। पिछले दो दशक से उनकी मां सोनिया गांधी रायबरेली संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व करती रही थीं। इस बार वह चुनाव नहीं लड़ रही हैं। राहुल की बहन प्रियंका गांधी वाद्रा पर निशाना साधते हुए भाजपा नेता ने कहा कि कोई भी देख सकता है कि अतीत में ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ कहने वाली कांग्रेस नेता चुनाव लड़ने की हिम्मत कैसे खो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी चर्चाएं थीं कि कांग्रेस उन्हें रायबरेली लोकसभा सीट से टिकट दे सकती है। गौतम ने कहा, वे डरे हुए हैं … सोनिया गांधी भी राजस्थान भाग गईं। सोनिया गांधी गत 20 फरवरी को राजस्थान से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुई थीं।

Previous articleरायबरेली सीट से राहुल गांधी ने दाखिल किया नामांकन पत्र, साथ में दिखी सोनिया और प्रियंका गांधी
Next articleभाजपा ने देश के लोगों की जान खतरे में डाली : अखिलेश यादव

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here