कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने खुद को ठहराया पार्टी की हार का जिम्मेदार, पद से दिया इस्तीफा

0
258

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की विधानसभा चुनाव में करारी हार की जिम्मेदारी लेते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने पद से इस्तीफा दे दिया। लल्लू ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे अपने इस्तीफे में कहा है कि पार्टी के सभी पदाधिकारियों ने पूरी लगन और मेहनत से काम करते हुए संगठन को ग्राम स्तर तक पहुंचाया, लेकिन चुनाव में पार्टी की अप्रत्याशित हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए वह पद से इस्तीफा दे रहे हैं। गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सिर्फ दो सीट मिल सकी। खुद लल्लू, कुशीनगर की तमकुही राज सीट से चुनाव हार गये। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का यह अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन है।

कांग्रेस की प्रदेश इकाई की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सुबह दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की बैठक बुलायी थी। लल्लू, प्रमोद तिवारी और राजीव शुक्ला सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हुयी इस बैठक में उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव परिणाम की समीक्षा की गयी। समझा जाता है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी में संगठनात्मक स्तर पर व्यापक बदलाव की पहल करते हुए विधानसभा चुनाव वाले पांचों राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों से इस्तीफा मांगा है।

लल्लू ने इस्तीफे में कहा, इस चुनाव में हमें अप्रत्याशित हार का सामना करना पड़ा, इस हार की मैं नैतिक रूप से जिम्मेदारी लेते हुए अपने अध्यक्ष पद के दायित्व से इस्तीफा दे रहा हूं। लल्लू ने उनके जैसे सामान्य कार्यकर्ता पर भरोसा करते हुए उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष बनाये जाने पर कांग्रेस अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वह सदैव पार्टी के लिये काम करते रहेंगे।

Previous articleUP News: यूपी में मिली शिकस्त को लेकर सुभासपा प्रमुख ने दिया बड़ा बयान, जानिये क्या बोले ओम प्रकाश राजभर जो सब हो गए हैरान
Next article21 मार्च को योगी ले सकते हैं शपथ? नए मंत्रिमंडल को लेकर दिल्ली में आज होगा मंथन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here