नामांकन के लिए इटावा से मैनपुरी के लिए निकले अखिलेश यादव, सड़कों पर उतरा जनसैलाब

0
319
akhilesh etawah10
akhilesh etawah10

इटावा। मैनपुरी। यूपी की सत्ता के लिए भारतीय जनता पार्टी से आर पार की लड़ाई लड़ने के संकल्प के साथ समाजवादी पार्टी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सोमवार को अपने पैतृक गांव इटावा के सैफई से करहल विधानसभा सीट के लिए नामांकन कराने के लिए मैनपुरी के लिए रवाना हुए। सैफई से करहल के बीच करीब 30 किमी की दूरी पर अखिलेश का जगह जगह गर्मजोशी से स्वागत किया गया। गुलाबी रंग के विजय रथ पर सवार सपा अध्यक्ष हाथ हिला कर जनता का अभिवादन कर रहे हैं। सैकड़ों वाहन के काफिले के बीच सड़कों पर उमड़ी भीड़ के चलते विजय रथ के करीब एक बजे तक मैनपुरी कलेक्ट्रेट पहुंचने की संभावना है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
अखिलेश के विजय रथ पर करहल से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके शोभन सिंह सवार हैं। इसके अलावा विजय रथ में पूर्व सांसद एवं अखिलेश के भतीजे तेज प्रताप भी सवार है। विजय रथ को अखिलेश के निजी सचिव गजेन्द्र खुद चला रहे हैं और उन्होंने सैफई से रवाना होने से पहले विजय रथ के साथ सैफई के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना की थी। सपा अध्यक्ष के नामांकन के लिए रवाना होने से पहले उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव समेत अन्य सगे संबंधी और शुभचिंतकों ने आशीष देकर सपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनने की कामना की।
विजय रथ पर सवार अखिलेश ने हालांकि कहा कि विधानसभा चुनाव के व्यस्त कार्यक्रम के मद्देनजर इटावा और मैनपुरी में फिलहाल ज्यादा समय न दे सकें। उन्हें क्षेत्र की जनता से पूरा भरोसा है कि वह उन्हें प्रदेश में सरकार बनाने के लिए अन्य क्षेत्रों में जाने की अनुमति देगी। उन्होंने कहा कि पूरे यूपी में सपा की लहर चल रही है जो प्रदेश को विकास, खुशहाली के रास्ते पर ले जाने के लिए कृत संकल्पित है। करहल में चुनाव के तीसरे चरण में 20 फरवरी को मतदान होना है। कांग्रेस ने इस सीट से ज्ञानवती यादव को और बसपा ने कुलदीप नारायण को उम्मीदवार बनाया है। हालांकि इस सीट पर भाजपा के उम्मीदवार का नाम अभी घोषित नहीं हुआ है।

Previous articleकेन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का दावा, चुनाव से पहले गायब रही कांग्रेस, यूपी चुनाव में उसने मान ली अपनी हार
Next articleकरहल में अखिलेश का सामना करेंगे आगरा के सांसद सत्यपाल सिंह बघेल, सपा मुखिया के नामांकन भरने के कुछ देर बाद ही भरा पर्चा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here