मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अखिलेश यादव ने बताया कि ‘स्टार विभाजक’

0
6

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बिहार चुनावी दौरे को लेकर निशाना साधते हुए शनिवार को उन्हें ”स्टार विभाजक” करार दिया। यहां सपा मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना कहा, ”बिहार में स्टार प्रचारक बनकर नहीं गए, स्टार विभाजक बनकर गए हैं।” उन्होंने दावा किया, ”बिहार के लोग उन्हें (योगी आदित्यनाथ को) कभी स्वीकार नहीं करेंगे। बिहार के लोग सांप्रदायिक विचारधारा वाले लोगों को कभी स्वीकार नहीं करते।” यादव ने उत्तर प्रदेश के शहरों में बिजली व्यवस्था, यातायात और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर राज्य सरकार की कड़ी आलोचना की।

उन्होंने सवाल उठाया, ”फुस्स फुलझड़ी से दीपावली पर क्या उम्मीद करोगे? जब बिजली ही नहीं बनाई तो दोगे कहां से? जो बिजली बनी है वह समाजवादियों की बनाई हुई है।” सपा प्रमुख ने आरोप लगाया, ”लखनऊ में हर जगह कूड़ा फैला हुआ है। यह स्मार्ट सिटी है, जिसे बनाने में करोड़ों रुपये खर्च किए गए लेकिन सरकार यातायात व्यवस्था तक नहीं संभाल पा रही है।” उन्होंने कहा, ”स्मार्ट सिटी और यातायात व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री स्तर पर न जाने कितनी बैठकें हुई हैं, लेकिन हर शहर जाम से जूझ रहा है। जब दिल्ली और लखनऊ की सरकारें स्मार्ट सिटी बना रही थीं और इतना धन आवंटित किया गया, तो आखिर वह जा कहां रहा है?” यादव ने कहा, ”आप किसी भी शहर में जाकर देख लीजिए, हर जगह जाम है। (भाजपा) सरकार को हटाओ, तभी चीजों में सुधार आएगा। सरकार ने बिजली व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। पहले बेच रहे थे, अब बेच भी नहीं पा रहे हैं। व्यवस्था इतनी खराब है कि अगली सरकार के लिए बिजली देना भी चुनौती बन जाएगा।

Previous articleआत्मनिर्भर भारत अब केवल एक विचार नहीं, बल्कि साकार होती हकीकत है: योगी आदित्यनाथ
Next articleअब पाकिस्तान की एक-एक इंच जमीन ‘ब्रह्मोस’ की पहुंच में है : राजनाथ सिंह