अग्निवीरों को उत्तर प्रदेश पुलिस और पीएसी भर्ती में देंगे प्राथमिकता: योगी आदित्यनाथ

0
20

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि देश की सेवा करके लौटने वाले अग्निवीरों को उत्तर प्रदेश पुलिस और पीएएसी बल (प्रादेशिक आर्म्‍ड कांस्टेबुलरी) में महत्व (वेटेज) दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अग्निवीरों के रूप में देश को प्रशिक्षित और अनुशासित युवा सैनिक मिलेंगे। एक बयान के मुताबिक योगी ने अग्निवीर मुद्दे पर विपक्ष की राजनीति को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि विरोधियों का काम हर प्रगति और सुधार वाले कार्य में ”अड़ंगा लगाने, टांग अड़ाने और अफवाह फैलाने” का है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।

बीते 10 साल में भारत में बेहतरीन सुधार (रिफॉर्म) हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना के आधुनिकीकरण और इसके साजो-सामान के मामले में हम आत्मनिर्भरता की ओर से बढ़ रहे हैं। नयी दिल्ली में आयोजित नीति आयोग की बैठक में शामिल होने से पहले शुक्रवार शाम यहां अपने सरकारी आवास पर मुख्यमंत्री योगी मीडिया से बातचीत कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी देश और समाज के लिए प्रगति और समृद्धि के नित नये प्रतिमान स्थापित करने के लिए समय-समय पर होने वाला सुधार अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था को एक सम्मानजनक स्थिति में पहुंचाने और दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में लाने के लिए कार्य किये गये हैं। एक तरफ हम समृद्धि के नित नये सोपान छू रहे हैं, तब हमें राष्ट्रीय सुरक्षा को भी उतना ही महत्व देना होगा।

उन्होंने कहा कि सेना और उनके साजो सामान में आत्मनिर्भरता के लिए उठाये गये कदम हों या आधुनिकिकरण के लिए लिए गये त्वरित निर्णय, आज अत्याधुनिक लड़ाकू विमान भारत के पास हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में रक्षा औद्योगिक गलियारा विकसित हो रहा है। उत्तर प्रदेश रक्षा औद्योगिक गलियारा में हजारों करोड़ का निवेश आया है। उन्होंने कहा कि चाहे भारत डायनामिक्स लिमिटेड का कार्य हो या ब्रह्मोस मिसाइल बनाने की दिशा में प्रगति, हमने लंबी छलांग लगाई है। सेना भी हमारी इस गति के साथ आगे बढ़ रही है। अग्निवीर की योजना भारतीय सेना में इसी दृष्टि से आगे बढ़ाई गई है। इसे लेकर युवाओं में उत्साह है। उन्होंने कहा कि 10 लाख अग्निवीर भारतीय सेना के अग्निपथ पर मजबूत जवान के रूप में अपनी सेवा देने के लिए आगे बढ़ रहे हैं।

दुर्भाग्य है कि कुछ राजनीतिक दलों के लिए स्वयं की राजनीति देश से बड़ी हो गई है। वो देश की कीमत पर राजनीति करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष हर सुधार और प्रगति वाले कार्य में टांग अड़ाने, गुमराह करने और बयानबाजी करने जैसे कृत्य करता हैं। विपक्ष इस मुद्दे को लेकर लगातार युवाओं को गुमराह कर रहा है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज अग्निवीर में युवा उत्साह के साथ भर्ती हो रहे हैं। इसके बाद उन्हें अर्धसैनिक बलों और पुलिस में समायोजित करने की व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने भी कहा है कि अग्निवीर की योजना जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी और युवा अपनी सेवा के बाद वापस आएंगे तो हम उत्तर प्रदेश पुलिस और पीएसी बल में इनके समायोजन की सुविधा और महत्व देंगे।

Previous articleदुनिया ने करगिल युद्ध में भारतीय जवानों के अदम्य शौर्य और साहस का लोहा माना: योगी आदित्यनाथ
Next articleकीर्तिमानों के लिए हमेशा याद किए जाएंगे एपीजे अब्दुल कलाम : योगी