देहरादून। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को यहां पहुंचे। यहां पहुंचने पर राज्य सरकार के मंत्रियों एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संगठन द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। वह इस तीन दिवसीय प्रवास में टिहरी जनपद के नरेन्द्र नगर में आहूत मध्य क्षेत्रीय विकास परिषद की बैठक में शामिल होने के अलावा श्री बद्री और केदारनाथ धाम के भी दर्शन करेंगे।
योगी आदित्यनाथ आज शाम पांच बजे जौलीग्रांट हेलीपेड पहुंचे। जहां उत्तराखंड सरकार की तरफ से कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. प्रेम चंद अग्रवाल और पार्टी संगठन की तरफ से प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठरी एवं टिहरी सांसद, वरिष्ठ विधायकों के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इस दौरान, भाजपा प्रवक्ता मनवीर चौहान ने उन्हें गंगोत्री धाम से लाई गंगाजली और धार्मिक चुन्नी भेंट कर गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम आने का न्योता दिया, जबकि पुरोला क्षेत्र के विधायक दुर्गेश्वर लाल ने उन्हें पहाड़ी सांस्कृतिक पहचान की प्रतीक टोपी पहनाई।
योगी आदित्यनाथ का स्वागत करने वालों में टिहरी सांसद महारानी माला राज्यलक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, महापौर, देहरादून सुनील उनियाल गामा, विधायक खजान दास, सविता कपूर, पार्टी प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मत्तिल, प्रदेश कार्यालय सचिव कौस्तुभानंद जोशी, विश्वास, डाबर, प्रदेश प्रवक्ता विनोद सुयाल, मधु भट्ट, नवीन ठाकुर, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रवक्ता हनी पाठक, सुनीता विद्यार्थी, करुण दत्ता, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, राजेंद्र ढिल्लो, जगमोहन चंद, समेत अनेक पार्टी पदाधिकारी शामिल थे।