अयोध्या में भगवान श्रीराम का आज प्रतीकात्मक राज्याभिषेक करेंगे पीएम नरेंद्र मोदी

0
141

लखनऊ/अयोध्या। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दीपावली की पूर्व संध्या पर आज यूपी में श्रीराम नगरी अयोध्या में आयोजित छठे दीपोत्सव का शुभारम्भ कर राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में भारत के जन-मन की आस्था के प्रतीक भगवान श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी अपने उत्तर प्रदेश प्रवास के क्रम में रविवार को दोपहर बाद अयोध्या पहुंचेंगे। अयोध्या स्थित साकेत डिग्री कॉलेज में प्रधानमंत्री के आगमन पर मुख्यमंत्री योगी उनका स्वागत करेंगे।

साकेत डिग्री कॉलेज में कुछ समय रुकने के बाद वह योगी सरकार द्वारा शुरु किए गए दीपोत्सव के छठे संस्करण में सम्मिलित होने से पहले सायं साढ़े चार बजे श्रीरामजन्मभूमि पहुंचेंगे। जहां रामलला विराजमान के दर्शन पूजन करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी इस स्थान पर बन रहे भव्य राम मंदिर के निर्माण का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इसके उपरान्त प्रधानमंत्री मोदी सायं सवा पांच बजे श्रीराम कथा पार्क जाएंगे, जहां वह भगवान श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक करेंगे। इसके बाद वह सायं पौने छह बजे सरयू गैस्ट हाउस आयेंगे और सायं छह बजे नया सरयू घाट पहुंच कर सरयू नदी की आरती में शामिल होंगे। आरती करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी राम की पैड़ी पहुंच कर सायं छह बजे भव्य दीपोत्सव समारोह का शुभारम्भ करेंगे। तदुपरान्त वह सायं सात बजे से सवा सात बजे तक नया घाट पर अत्याधुनिक तकनीकि से आयोजित हरित आतिशबाजी ‘ग्रीन एण्ड डिजिटल फायरवर्क्स का अवलोकन करेंगे। इसके बाद सायं साढ़े सात बजे वह अयोध्या हवाईपट्टी से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी के अयोध्या आगमन से पहले मुख्यमंत्री योगी दोपहर 12:15 बजे लखनऊ से अयोध्या के लिए प्रस्थान करेंगे। अयोध्या पहुंचने पर योगी सभी आयोजन स्थलों का निरीक्षण करते हुए तीन बजे राम कथा पार्क पहुंच कर शोभा यात्रा का अवलोकन करेंगे। रामकथा पार्क में मुख्यमंत्री योगी प्रभु श्रीराम, माता सीता व लक्ष्मण जी के स्वरूपों के अवतरण एवं भरत मिलाप कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। वे श्रीराम दरबार के साथ श्री राम कथा पार्क आएंगे और श्रीराम व माता जानकी का पूजन-वन्दन करेंगे। इस दौरान वह 08 देशों और 10 राज्यों की रामलीला का अवलोकन भी करेंगे।

Previous articleसुलतानपुर में हादसा: ड्रेन में डूबने से पांच किशोरियों की मौत
Next articleयूपी में बड़ा हादसा: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर बस ट्रक टक्कर में 04 की मौत, 40 घायल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here