21 मार्च को योगी ले सकते हैं शपथ? नए मंत्रिमंडल को लेकर दिल्ली में आज होगा मंथन

0
244

लगातार दूसरी बार यूपी में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहे योगी आदित्यनाथ आज दिल्ली जाएंगे। नए मंत्रिमंडल के गठन को लेकर दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक होगी। माना जा रहा है कि यह बैठक कैबिनेट में शामिल होने वाले नवनिर्वाचित विधायकों को मंत्री बनाने को होगी। बैठक में विधान परिषद की 36 सीटों पर प्रत्याशियों की सूची पर भी मुहर लगेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह दिल्ली जाएंगे।

मंगलवार को लखनऊ में एमएलसी चुनाव के प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप दिए जाने की कवायद चलती रही। सोमवार रात मुख्यमंत्री आवास में हुई भाजपा कोर कमेटी की बैठक में एमएलसी प्रत्याशियों के नामों का पैनल तय हो गया था। मंगलवार को प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने पार्टी के राज्य मुख्यालय में क्षेत्रीय अध्यक्षों और प्रभारियों के साथ एमएलसी चुनाव की तैयारी को लेकर बैठक की। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह भी दोपहर को पार्टी मुख्यालय पहुंचे। अध्यक्ष और संगठन महामंत्री से मिलने वालों का तांता लगा रहा, जिसमें तमाम जीते हुए विधायक भी शामिल थे। देर शाम सुनील बंसल एमएलसी प्रत्याशियों की सूची के साथ दिल्ली रवाना हो गए।

19 को लखनऊ आ सकते हैं अमित शाह और रघुवर दास

होली के ठीक बाद भाजपा विधायक दल की बैठक में नेता का चुनाव हो जाएगा। विधायक दल की बैठक 19 या 20 मार्च को हो सकती है जबकि 21 मार्च को योगी सरकार के शपथ ग्रहण की संभावना है। पार्टी सूत्रों की मानें तो शाह 19 मार्च को लखनऊ आ सकते हैं। उन्हीं की मौजूदगी में भाजपा विधायक दल की बैठक में नेता चुना जाएगा। नेता चुने जाने के बाद राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। 19 को बैठक होने की स्थिति में 21 को और यदि 20 को विधायक दल की बैठक हुई तो शपथ ग्रहण 22 को भी हो सकता है। पार्टी के लिए यूपी के महत्व का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि गृहमंत्री अमित शाह खुद यहां केंद्रीय पर्यवेक्षक हैं। उनके साथ झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास को सह पर्यवेक्षक बनाया गया है। अमित शाह 2014 के लोकसभा चुनाव के पहले से सीधे तौर पर यूपी के हर चुनाव से जुड़े रहे हैं।

इकाना स्टेडियम में हो सकता है भव्य समारोह

शपथ ग्रहण समारोह को बेहद भव्य बनाने की तैयारी हो रही है। प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र से लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। बड़े आयोजन के लिए जगह भी भव्य देखी जा रही है। यह समारोह इकाना स्टेडियम में हो सकता है। सूत्रों की मानें तो समारोह को लेकर इकाना स्टेडियम का निरीक्षण भी किया गया है। समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य और संघ के कुछ प्रमुख चेहरों के मौजूद रहने की संभावना है। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित तमाम अन्य अतिथि समारोह में शामिल होंगे।

Previous articleकांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने खुद को ठहराया पार्टी की हार का जिम्मेदार, पद से दिया इस्तीफा
Next articleपार्टी की हार के बाद बोले अखिलेश यादव, यूपी में भाजपा का एकमात्र विकल्प है सपा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here