भाजपाई घपलेबाज अल्पसंख्यक समुदाय के वोट कटवाने की कोशिश कर रहे हैं : अखिलेश

0
1

समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वोटर लिस्ट से नाम कटवाने वाले फ़ार्म-7 के कथित दुरुपयोग को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कथित तौर पर भाजपाई घपलेबाज खुद फ़ार्म-7 छापकर और नक़ली हस्ताक्षर कराकर पीडीए समाज के मतदाताओं, विशेषकर अल्पसंख्यक समुदाय के वोट कटवाने की कोशिश कर रहे हैं। सोमवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए अखिलेश यादव ने इसे लोकतंत्र पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि यह बात लगभग सभी को पता है, लेकिन भारत निर्वाचन आयोग की ओर से अब तक ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।

उनका आरोप है कि बार-बार अपील के बावजूद एसआईआर प्रक्रिया में फ़ार्म-7 से जुड़ी कथित धांधली रुक नहीं रही है। उन्होंने कहा कि फ़ार्म-7 का ग़ैरक़ानूनी इस्तेमाल एक बड़ा अपराध है और चुनाव आयोग को चाहिए कि वह सार्वजनिक वज्ञिापन जारी कर इसके दुरुपयोग पर होने वाली सज़ाओं की जानकारी दे, ताकि दोषियों और उनके सहयोगियों को स्पष्ट चेतावनी मिल सके। सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि पार्टी के पीडीए-प्रहरी और जागरूक मतदाता अपने स्तर पर इस कथित फ़र्ज़ीवाड़े का पर्दाफोड़ कर रहे हैं, लेकिन आयोग को भी अपनी विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आगे आना चाहिए।

अखिलेश यादव ने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि चाहे वह गाँव-मोहल्ले का स्थानीय मंच हो या ज़िला-मंडल-राज्य स्तर का मीडिया, जो भी इस मुद्दे को उठाकर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की भूमिका निभा रहा है, समाजवादी पार्टी उसके साथ खड़ी है। उन्होंने इस महा-घोटाले का भंडाफोड़ करने और तथ्यों को सामने लाने का आग्रह किया है।

Previous articleअंत:फसली खेती को मिशन के रूप में लागू करें, अन्नदाता की आय में होगा कई गुना इजाफा: आदित्यनाथ
Next articleउत्पादकता बढ़ाने के लिए आधुनिक बीज नीति तैयार करें: योगी आदित्यनाथ