गोरखपुर नगर निगम को जल संरक्षण में राष्ट्रीय सम्मान, राष्ट्रपति मुर्मू करेंगी सम्मानित

0
17

गोरखपुर नगर निगम (जीएमसी) को जल संचय जन भागीदारी अभियान (जेएसजेबी 1.0) के तहत उत्कृष्ट प्रयासों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है और निगम ने देश के शीर्ष 10 नगर निगमों में तीसरा स्थान हासिल किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि गोरखपुर नगर को भारत सरकार द्वारा घोषित 21 राष्ट्रीय पुरस्कारों में से एक के लिए चुना गया है और यह पुरस्कार 18 नवंबर को नयी दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया जाएगा। राष्ट्रपति निगम को प्रशस्ति पत्र तथा दो करोड़ रुपये की धनराशि प्रदान करेंगी।

नगर आयुक्त गौरव सिंह और महापौर मंगलेश श्रीवास्तव शहर की ओर से यह सम्मान ग्रहण करेंगे। अधिकारियों ने बताया कि यह उपलब्धि नगर निवासियों की सक्रिय भागीदारी, नगर निगम के निरंतर प्रयासों और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन का परिणाम है। इस अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण को सामुदायिक दायित्व के रूप में स्थापित करना है जिसके तहत जल स्रोतों का संरक्षण, वर्षा जल संचयन, तालाबों और कुओं की सफाई, तथा नदियों और नालों का पुनरुद्धार जैसे कार्य किए गए।

अधिकारियों ने बताया कि तकिया घाट पर विकसित प्राकृतिक जल शोधन मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष सराहना मिली। नगर निगम ने इस पहल को जन आंदोलन का रूप दिया, जिसमें स्कूलों, स्वयं सहायता समूहों, व्यापारिक संगठनों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई।

Previous articleजाली पैन कार्ड मामला: आजम खान और उनके बेटे को अब्दुल्ला आजम को सात-सात साल की सजा
Next articleभाजपा ‘पर्यवेक्षक’ नहीं, ‘पर्चीवेक्षक’ भेजती है : अखिलेश यादव