उन्नाव की दोनों किशोरियों का पोस्टमार्टम हो चुका है। पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरों का कहना है कि दोनों किशोरियों की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है। दोनों ने मौत से करीब 6 घंटे पहले खाना खाया था।
उन्नाव | उन्नाव की दोनों किशोरियों का पोस्टमार्टम हो चुका है। पोस्टमार्टम करने वाले डाक्टरों का कहना है कि दोनों किशोरियों की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है। दोनों ने मौत से करीब 6 घंटे पहले खाना खाया था। दोनों के पेट में 100 से लेकर 80 ग्राम तक खाना मिला है। खाने में जहर होने की वजह से मौत हो गई। मृृत लड़कियों के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है।
मृत पाई गई दोनों लड़कियों के पोस्टमार्टम के लिए प्रशासन ने चार डॉक्टरों का पैनल बनाया था। गुरुवार को दोनों का पोस्टमार्टम हुआ। इसके बाद सीएमओ और एसपी ने जहर से मौत की तस्दीक करते हुए बताया कि आगे की जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है। तीसरी किशोरी की हालत गंभीर है। उसका इलाज सरकारी खर्च पर कराने का ऐलान सीएम ने किया है। एक किशोरी के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
असोहा क्षेत्र के बबुरहा नाले के पास स्थित सूर्यपाल के सरसों के खेत में बुधवार को तीनों किशोरियां अचेत मिली थीं। इनमें दो की मौत हो गई। दोनों का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट की देखरेख और वीडियोग्राफी के साथ किया। प्रभारी सीएमओ डा. तन्मय कक्कड़ ने बताया कि विसरा और आंत से मिला भोजन जांच के लिए लैब भेजा गया है। दोनों ने करीब छह घंटे पहले भोजन किया था। डाक्टरों की टीम ने स्लाइड तैयार की हैं। डीएनए टेस्ट के लिए नाखून, बाल के सैंपल लिए हैं।
छावनी बना गांव
बबुरहा कांड को लेकर राजनीतिक जंग छिड़ गई है। सुबह से ही गांव में सपा, बसपा, कांग्रेस के लोग जमावड़ा लगाए हैं। भाजपा के जनप्रतिनिधि भी पहुंचे। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं। कई थानों की फोर्स के साथ अतिरिक्त बल भी भेजा गया है। दोनों किशोरियों का अंतिम संस्कार अभी तक नहीं हुआ है।
तीसरी किशोरी की हालत नाजुक
तीसरी किशोरी कानपुर के रीजेंसी अस्पताल में है। उसकी हालत अभी नाजुक बताई गई है। पुलिस को घटनाक्रम के खुलासे में उसके होश में आने का इंतजार है। उसके बयान से ही पता चलेगा कि आखिर किशोरियों ने क्या खाया? उन्हें जहर किसने और क्यों दिया?
किशोरियों के पेट से जहरीला पदार्थ मिला है। बदन पर कोई चोट का निशान नहीं है। गला भी नहीं कसा गया है। खुलासे के लिए छह टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा हो जाएगा।
आनंद कुलकर्णी, एसपी, एन्नाव