कर्नाटक में केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक की एसयूवी हादसे का शिकार हो गई है, जिसमें उनकी पत्नी और सहायक की मौत हो गई। श्रीपद नाइक भी इस हादसे में घायल हुए हैं, लेकिन उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है।
नई दिल्ली | कर्नाटक में केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक की एसयूवी हादसे का शिकार हो गई है, जिसमें उनकी पत्नी और सहायक की मौत हो गई। श्रीपद नाइक भी इस हादसे में घायल हुए हैं, लेकिन उनकी स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है। उत्तर कन्नड़ जिले में अंकोला के पास उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई है। अंकोला में ही प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें गोवा मेडिकल कॉलेज में शिफ्ट कर दिया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से बात कर केंद्रीय मंत्री की इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने केंद्रीय मंत्री श्रीपाद नाइक की पत्नी विजया नाइक के निधन पर शोक व्यक्त किया है।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से बात की है और उन्हें बेहतर इलाज प्रदान करने के लिए कहा है। राजनाथ सिंह ने ट्वीट में कहा, रक्षा राज्य मंत्री श्रीपद नाइक के सड़क दुर्घटना में घायल होने के समाचार से मैं स्तब्ध और अत्यंत दुखी हूं। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से मेरी बातचीत हुई है। श्रीपदजी के इलाज का समुचित प्रबंध राज्य सरकार कर रही है। ईश्वर से प्रार्थना है कि श्रीपदजी जल्दी स्वस्थ हों। सूत्रों ने बताया कि सिंह ने गोवा के मुख्यमंत्री के साथ जरूरत पड़ने पर नाइक को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली लाए जाने के विकल्प पर भी बातचीत की।
केंद्रीय मंत्री की पत्नी की हादसे में मौत होने पर कई और नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा है कि एक हादसे में विजया नाइक जी के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। केंद्रीय मंत्री श्रीपद नाइक के स्वास्थ्य में जल्द सुधार की प्रार्थना करता हूं। बता दें कि श्रीपद नाइक आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक चिकित्सा के केंद्रीय राज्य मंत्री होने के साथ-साथ रक्षा राज्य मंत्री की भी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।